चंडीगढ़ , अगस्त 19 -- पंजाब सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राज्य विजिलेंस ब्यूरो ने 16 मार्च 2022 से 31 जुलाई 2026 तक कुल 1091 मामले दर्ज कर 1138 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस अवधि में विजिलेंस ब्यूरो ने 298 विजिलेंस जांच भी दर्ज कीं, जबकि अदालतों ने भ्रष्टाचार से जुड़े 150 मामलों में 242 आरोपियों को दोषी करार दिया है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि उक्त अवधि के दौरान 523 ट्रैप मामलों में 630 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह 536 आपराधिक मामलों में 492 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
प्रवक्ता के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के मामलों में भी ब्यूरो ने कार्रवाई जारी रखी। इस अवधि में आय से अधिक संपत्ति के 32 मामलों में 16 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आय से अधिक संपत्ति से संबंधित 117 विजिलेंस जांच दर्ज की गयीं, जबकि इसके अतिरिक्त 181 अन्य विजिलेंस जांच भी दर्ज की गयी हैं।
पंजाब सरकार के अनुसार, विजिलेंस ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार की जा रही कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित