चंडीगढ़ , अप्रैल 21 -- पंजाब सतर्कता विभाग ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मार्च माह के दौरान नौ अलग-अलग मामलों में नौ सरकारी अधिकारियों और एक निजी व्यक्ति को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि सार्वजनिक सेवकों सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैले भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए विजिलेंस ब्यूरो लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले माह ब्यूरो ने 19 विजिलेंस मामलों में चालान विभिन्न सक्षम अदालतों में पेश किए। इसके अलावा भ्रष्टाचार के मामलों की गहन जांच के लिए दो विजिलेंस जांच दर्ज की गईं, जबकि एक सरकारी अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि 34 आरोपियों के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें 26 सरकारी कर्मचारी शामिल हैं।
प्रवक्ता के अनुसार, पिछले महीने चार रिश्वत मामलों में विभिन्न अदालतों ने फैसला सुनाया, जिसमें पांच आरोपियों को दोषी ठहराया गया। दोषियों को चार से पांच साल तक की सजा और 5,000 रुपये से 30,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित