रायपुर , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल कबीरधाम जिले के लोगों से यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मंत्री शर्मा मंगलवार देर शाम एम्स रायपुर पहुंचे और सहसपुर लोहारा क्षेत्र के घायलों तथा उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

उप मुख्यमंत्री ने एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से घायलों की वर्तमान स्थिति, चल रहे उपचार और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंत्री शर्मा ने ग्राम बांधाटोला निवासी पांच वर्षीय लुकेश पटेल, दो वर्षीय डाली पटेल और 26 वर्षीय ललिता पटेल से भी मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने घायलों के परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन उनकी सहायता के लिए उपलब्ध है।

उल्लेखनीय है कि हादसे के बाद मंत्री शर्मा कबीरधाम जिले में मृतकों के परिजनों से भी मुलाकात कर संवेदना व्यक्त कर चुके हैं। उन्होंने घायलों के उपचार और पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी भी ली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित