चेन्नई , मई 10 -- तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के कुछ देर बाद, तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तीन महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए। इनमें हर दो महीने में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष 'सिंगापेन' रैपिड रिस्पांस फोर्स का गठन और राज्य भर में मादक पदार्थ विरोधी इकाइयों की स्थापना की घोषणा की गई है।
श्री विजय ने इन तीन आदेशों पर जनता के सामने मंच पर ही हस्ताक्षर किए। स्थानीय जवाहरलाल नेहरू बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम में नौ कैबिनेट मंत्रियों के साथ शपथ लेने के बाद जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पिछली द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार ने सरकार ने सरकारी खजाने को 'खाली' छोड़ दिया है और अगली सरकार पर भारी बोझ डाल दिया है।
राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की घोषणा करते हुए श्री विजय ने कहा कि उन्हें व्यवस्था को सुधारने और प्रशासन को कदम-दर-कदम स्थिर करने के लिए कुछ समय चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज पारदर्शी रूप से उस वित्तीय स्थिति को रेखांकित करेगा जो उन्हें विरासत में मिली है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि करीब 10 लाख करोड़ रुपये के कर्ज के साथ राज्य पर भारी बोझ है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि श्वेत पत्र में राज्य के राजस्व, व्यय, ऋण स्तर और लंबित देनदारियों का विस्तृत मूल्यांकन प्रदान किया जाएगा।
पारदर्शी शासन का वादा करते हुए श्री विजय ने कहा, "मुझे चीजों को ठीक करने और प्रशासन को स्थिर करने के लिए कुछ समय चाहिए। मैं कोई ईश्वरीय दूत नहीं हूं... मैं आप में से ही एक हूं।" उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्ष सामाजिक न्याय का नया युग अब शुरू होता है और वह महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा युवाओं को नशीली दवाओं से दूर रखने के लिए तुरंत काम शुरू करेंगे।
द्रमुक पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए श्री विजय ने कहा, "केवल एक ही शक्ति केंद्र होगा और वह मैं हूं। कोई दायां, बायां या केंद्र नहीं-कोई समानांतर शक्ति केंद्र नहीं होगा।"श्री विजय ने अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) पर निशाना साधते हुए कहा, "अगर मैं किसी से मिलने जाऊंगा, तो अपना चेहरा ढककर नहीं जाऊंगा। मैं खुला और निष्पक्ष रहूंगा।"स्वयं को एक साधारण परिवार का सदस्य बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह किसी राजघराने में पैदा नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा, "मैं आपका भाई, दोस्त हूं, ठीक वैसे ही जैसे आपके घर का कोई सदस्य होता है।" उन्होंने समावेशी शासन पर जोर देते हुए कहा कि उनका प्रशासन आलोचकों और राजनीतिक विरोधियों सहित सभी नागरिकों के लिए काम करेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने कैबिनेट सहयोगियों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा, "मैं यहां पैसे कमाने नहीं, बल्कि लोगों की सेवा करने आया हूं। मैं प्रशासन में सख्त रहूंगा। किसी भी कैबिनेट सहयोगी को पैसा बनाने में शामिल नहीं होना चाहिए।"श्री विजय ने उन बच्चों का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने अपने माता-पिता से टीवीके को वोट देने का अनुरोध किया था। उन्होंने वादा किया कि 'विजय मामा' युवा मित्रों के लिए एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित