चेन्नई , सितंबर 07 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में द्रविड़ मुनेत्र कषगम पर भ्रष्टाचार, शराब में अनियमितता और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक शासन में भ्रष्टाचार व्यवस्थित रूप ले चुका था और कहा कि अपराधी चाहे किसी भी दल से जुड़ा हो, कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।

पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा का जवाब देते हुए श्री विजय ने कहा कि शराब की बोतलों पर 10 से 100 रुपये तक अतिरिक्त वसूले जा रहे थे। उन्होंने पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों और प्रवर्तन निदेशालय की रिपोर्ट का भी उल्लेख किया।

कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में रिक्तियां भरी जाएंगी और साइबर अपराध से निपटने के लिए पुलिस को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने पुलिस हिरासत में होने वाली मौतों पर भी सख्त कार्रवाई की जरूरत बतायी।

श्री विजय ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध तथा मादक पदार्थों की समस्या से कड़ाई से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त और ईमानदार प्रशासन देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित