चेन्नई , मार्च 16 -- अभिनेता से नेता बने विजय की नयी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) ने सोमवार को संकेत दिया कि वह अपनी पहली चुनावी जंग में अकेले उतरेगी।

श्री विजय ने स्पष्ट किया कि 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन को लेकर उनकी किसी भी राजनीतिक दल से कोई बातचीत नहीं हुई है।

सत्तारूढ़ द्रमुक के नेतृत्व वाले शक्तिशाली मोर्चे का मुकाबला करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के श्री विजय की पार्टी को राजग में शामिल करने की व्यापक अटकलों पर विराम लगाते हुए टीवीके ने विज्ञप्ति जारी की है। पार्टी ने भाजपा से संभावित गठबंधन की रिपोर्टों को खारिज करते हुए कहा कि गठबंधन के संबंध में किसी भी राजनीतिक दल के साथ कोई चर्चा नहीं हुई है।

भाजपा राजग से गठबंधन पर 40-50 सीटें और उपमुख्यमंत्री पद देने के लिए तैयार रहने को लेकर फैली अफवाहों के संबंध में टीवीके ने कहा कि मीडिया के कुछ वर्ग संभावित गठबंधन के बारे में निराधार अफवाहें फैला रहे हैं। इन रिपोर्टों की एक बार फिर निंदा करते हुए पार्टी ने मीडिया संगठनों से आग्रह किया कि वे ऐसी खबरें प्रकाशित करने से पहले जानकारी की पुष्टि करें और जनता को गुमराह करने से बचें।

टीवीके ने उन पिछली रिपोर्टों का भी उल्लेख किया, जिनमें कहा गया था कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने श्री विजय को राजग में शामिल होकर विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना अध्यक्ष पवन कल्याण जैसे मध्यस्थों को मनाने के लिए लगाया है।

पार्टी ने कहा कि स्वयं पवन कल्याण ने साक्षात्कार में स्पष्ट किया था कि उन्होंने कई वर्षों से श्री विजय से बात नहीं की है, जिससे ऐसी अटकलों पर अंततः विराम लग गया है।

अपने रुख को दोहराते हुए टीवीके ने कहा कि उसने किसी भी राजनीतिक दल से गठबंधन के लिए बातचीत शुरू नहीं की है, जिससे यह संकेत मिलता है कि वह चुनाव में अकेले उतरेगी। टीवीके ने यह भी कहा कि वह चुनावों से पहले पूरे तमिलनाडु में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। पार्टी ने जोर देकर कहा कि वह राज्य भर के चुनाव क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है और जमीनी स्तर पर अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए काम कर रही है।

इस बीच अन्नाद्रमुक से निष्कासित किये जाने के बाद टीवीके में शामिल पूर्व मंत्री केए सेंगोट्टइयन ने कहा कि श्री विजय के उपमुख्यमंत्री का पद स्वीकार करने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिनेता ने मुख्यमंत्री बनने के लक्ष्य के साथ राजनीति में प्रवेश किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित