बेंगलुरु , मई 04 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने सोमवार को कहा कि अभिनेता से नेता बने विजय के चुनावी उभार ने तमिलनाडु में एक बड़ी राजनीतिक उथल-पुथल पैदा कर दी है। उन्होंने स्वीकार किया कि विधानसभा चुनाव के नतीजे राज्य की दशकों पुरानी द्रविड़ राजनीतिक व्यवस्था के लिए एक बड़ा झटका हैं।

दक्षिण भारत के राज्यों और अन्य प्रमुख क्षेत्रों के चुनाव परिणामों पर विस्तार से प्रतिक्रिया देते हुए श्री सिद्दारमैया ने तमिलनाडु के फैसले को 'अप्रत्याशित' बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों के बावजूद आया है जो चौंकाने वाला है।

श्री सिद्दारमैया ने कहा, "द्रमुक सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों को जनता की सराहना मिली थी। तमिलनाडु के मतदाताओं ने हमेशा सांप्रदायिक राजनीति को नकारा है और वे बहुत जागरूक रहे हैं। फिर भी, ऐसा लगता है कि युवाओं और महिलाओं का एक बड़ा वर्ग अभिनेता विजय की अपील से प्रभावित हुआ है।"कर्नाटक के मुख्यमंत्री के इस बयान को कांग्रेस के किसी वरिष्ठ नेता की ओर से मिली सबसे बड़ी स्वीकारोक्ति माना जा रहा है। उन्होंने माना कि श्री विजय के राजनीतिक उदय ने तमिलनाडु के चुनावी समीकरण बदल दिए हैं और पारंपरिक द्रविड़ पार्टियों के वर्चस्व को कमजोर किया है।

श्री सिद्दारमैया ने कहा, "द्रमुक की हार द्रविड़ राजनीतिक परंपरा के लिए एक बड़ी क्षति है।" हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि श्री स्टालिन इस राजनीतिक झटके से उबरने में कामयाब होंगे। साथ ही उन्होंने श्री विजय को उनकी 'अभूतपूर्व जीत' पर बधाई दी। यह बयान इस बात की पुष्टि करता है कि श्री विजय अब केवल एक फिल्मी सितारे नहीं, बल्कि एक निर्णायक राजनीतिक शक्ति बन चुके हैं।

श्री सिद्दारमैया के इस बयान से राष्ट्रीय स्तर पर यह चर्चा और तेज हो गई है कि तमिलनाडु अब 'उत्तर-द्रविड़' (पोस्ट-द्रविड़ियन) राजनीतिक दौर में प्रवेश कर रहा है, जहाँ पहली बार मत देने वाले युवा और महिलाएं श्री विजय के रूप में एक नया राजनीतिक विकल्प देख रहे हैं।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने केरल के मतदाताओं को भी कांग्रेस का समर्थन करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के व्यापक प्रचार, सही उम्मीदवार चयन और एकजुट नेतृत्व के कारण पार्टी को वहाँ सफलता मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित