चेन्नई , अक्टूबर 06 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने मंगलवार को मद्रास उच्च न्यायालय से पेरम्बूर विधानसभा क्षेत्र से उनकी जीत को चुनौती देने वाली चुनाव याचिकाओं को खारिज करने की मांग की।

श्री विजय ने पेरम्बूर सीट 53,715 वोटों के अंतर से जीती थी और उनकी जीत को चुनौती देते हुए तीन अलग-अलग चुनाव याचिकाएं दायर की गयी थीं। उन्होंने चुनावी मामलों को खारिज करने की मांग करते हुए याचिकाएं दायर की हैं।

श्री विजय कर की याचिकाओं पर सोमवार को न्यायमूर्ति वी. लक्ष्मीनारायणन की समक्ष आखिरी सुनवाई शुरू हुई तथा मंगलवार को दूसरे दिन भी बहस जारी रही। उनके अधिवक्ता ने कहा कि श्री विजय और उनकी पत्नी की 600 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति से जुड़ी सभी जानकारी, साथ ही उनके आयकर रिटर्न की जानकारी पेरम्बूर विधानसभा क्षेत्र के लिए दायर किए गए नामांकन पत्रों में दी गयी थी।

अधिवक्ता ने कहा कि कोई भी जानकारी छिपायी नहीं गयी है और नामांकन में लगभग 99 प्रतिशत ज़रूरी विवरण दिये गये थे। अधिवक्ता ने कहा कि कुछ छोटी-मोटी गलतियां हो सकती हैं लेकिन सिर्फ़ इसी आधार पर यह नहीं कहा जा सकता कि नामांकन स्वीकार करने का रिटर्निंग अधिकारी का फ़ैसला गलत था। मुख्यमंत्री के अधिवक्ता ने न्यायालय से उनके ख़िलाफ़ दायर चुनाव याचिका को खारिज करने की भी अपील की और कहा कि इन मामलों में लगाए गए आरोपों के सबूत नहीं हैं।

न्यायमूर्ति लक्ष्मीनारायणन ने इन दलीलों के बाद श्री विजय की चुनावी जीत को चुनौती देने वाले याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ताओं की दलीलें जारी रखने के लिए सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित