नयी दिल्ली , अगस्त 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने तमिलनाडु में मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है और कहा है कि मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त सरकार का वादे की कलई खुल गयी है।

भाजपा नेता डॉ. आशीर्वादम आचार्य ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, " तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने एक पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त सरकार का वादा किया था, लेकिन अब उनके दावे की कलई खुल गयी है।" उन्होंने कहा कि वह (श्री विजय) अपना कार्यालय एक दूसरी इमारत, 'नमक्कल कविग्नार मालिगई' में ले जाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने पूरी एक मंज़िल यानी 10वीं मंज़िल तय की है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विभाग से नवीनीकरण का काम करने को कहा है। यह काम पिछले एक महीने से चल रहा है।

उन्होंने कहा, "निर्माण कार्य चलने के बावजूद अचानक इस महीने की 12 तारीख को पीडब्ल्यूडी की ओर से एक निविदा निकाली गयी जिसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए तीन ब्लॉक होंगे। कुल मिलाकर, टेंडर की कीमत 5.54 करोड़ रुपये है। अब सवाल यह है कि जब काम पहले से ही चल रहा है और पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों की देखरेख में हो रहा है तो यह निविदा एक महीने बाद क्यों निकाली गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित