नयी दिल्ली , सितम्बर 18 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने नगर निगम के सफाई कर्मचारी दीपक की आत्महत्या मामले को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा है कि इस मामले के आरोपी पार्षद विजय कुमार ने शनिवार तक इस्तीफा नहीं दिया, तो रविवार को भाजपा 'आप' कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी।

श्री कपूर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा द्वारा गुरुवार को इस मामले को उठाये जाने के बावजूद आप के नेतृत्व ने अब तक अपने श्री विजय कुमार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर विजय कुमार को किसके संरक्षण में बचाया जा रहा है। एक कर्मचारी के परिवार के सामने खड़े इस गंभीर भावनात्मक एवं आर्थिक संकट के बावजूद आम आदमी पार्टी की चुप्पी अत्यंत चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि 19 सितम्बर को त्रिलोकपुरी के स्थानीय निगम पार्षद विजय कुमार के कार्यालय के बाहर भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं विरोध प्रदर्शन करेंगी और उनके इस्तीफे की मांग करेंगी। यह प्रदर्शन केवल एक पार्षद के विरुद्ध नहीं, बल्कि उस राजनीतिक चुप्पी के खिलाफ है जिसमें गंभीर आरोपों का सामना कर रहे अपने नेता को जवाबदेही से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को जनता को जवाब देना होगा कि क्या आम आदमी पार्टी अपने पार्षद के साथ खड़ी है या फिर दिवंगत सफाई कर्मचारी और उसके परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई के पक्ष में है।

श्री कपूर ने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले में पीड़ित परिवार के न्याय की मांग को मजबूती से उठाती रहेगी और आम आदमी पार्टी नेतृत्व से जवाब मांगती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित