बेंगलुरु , अक्टूबर 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेन्द्र ने रविवार को मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार पर गन्ना किसानों के प्रति राज्य सरकार की जिम्मेदारी से पीछे हटने का आरोप लगाया और राज्य सरकार से गन्ने के लिए समर्थन मूल्य की घोषणा करने की मांग की।
मुख्यमंत्री पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए श्री विजयेन्द्र ने कहा कि श्री शिवकुमार ने गन्ना किसानों से मुलाकात के बाद उनकी चिंताओं को केंद्र सरकार की जिम्मेदारी बताने की कोशिश की, जबकि चीनी उद्योग से राज्य सरकार को भारी राजस्व प्राप्त होता है।
उन्होंने कहा, "गन्ना किसानों के प्रयासों से राज्य सरकार को हजारों करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है।" उन्होंने तर्क दिया कि सरकार किसानों की मांगों से खुद को अलग नहीं कर सकती।
हरियाणा और बिहार का उदाहरण देते हुए श्री विजयेन्द्र ने सवाल उठाया कि जब ये राज्य गन्ना किसानों को समर्थन मूल्य प्रदान कर रहे हैं, तो कर्नाटक अपने किसानों को ऐसी सहायता क्यों नहीं दे सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने इथेनॉल उत्पादन जैसी पहलों के माध्यम से मूल्य संवर्धन को बढ़ावा दिया है, जिससे राजस्व में वृद्धि हुई है, लेकिन राज्य सरकार गन्ना किसानों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है।
श्री विजयेन्द्र ने मुख्यमंत्री से इस मुद्दे का राजनीतिकरण बंद करने और किसानों की चिंताओं को दूर करने की जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित