बेंगलुरु , फरवरी 03 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने मंगलवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसे देश की अर्थव्यवस्था के लिए एक क्रांतिकारी क्षण करार दिया।
श्री विजयेंद्र ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि यह समझौता, जो आयात शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की बात कही गयी है, पूरे भारत में किसानों, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), उद्यमियों और कुशल श्रमिकों के लिए अभूतपूर्व अवसर खोलेगा। उन्होंने कहा कि यह सौदा 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' पहल को भी मजबूती प्रदान करेगा।
अध्यक्ष ने निर्यात, रोजगार सृजन और समग्र आर्थिक विकास के लिए इस समझौते को 'गेम-चेंजर' बताया और कहा कि इससे भारत के विनिर्माण और व्यापार क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा तथा दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग गहरा होगा। उन्होंने इस समझौते के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और राजनयिक कौशल की सराहना की और कहा कि यह दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।
इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद बसवराज बोम्मई ने भी इस घटनाक्रम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नेरन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच हुआ समझौता भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हैं।
श्री बोम्मई ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि श्री मोदी के मजबूत नेतृत्व ने वैश्विक स्तर पर भारत के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि वैश्विक अवसरों का प्रभावी ढंग से लाभ उठाकर प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित किया है कि ऐसे समझौते सीधे देश के विकास में योगदान दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित