पटना , अक्टूबर 21 -- बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बुधवार को कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह पर्व हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर सत्य, साहस और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

श्री सरावगी ने आज विजयादशमी के अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में श्री दशहरा कमेटी ट्रस्ट की ओर से आयोजित रावण दहन समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ प्रभु श्रीराम की आरती की तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस अवसर पर देश और प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और नैतिक मूल्यों के प्रति हमारी आस्था को मजबूत करता है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, करुणा और न्याय के आदर्शों पर चलने की सीख देता है।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह अपने जीवन में प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाने और समाज में सद्भाव, एकता एवं नैतिकता को सुदृढ़ करने का संकल्प लेने का पर्व भी है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में सभी को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

श्री सरावगी ने कहा कि भारतीय पर्व-त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। विजयादशमी का संदेश हमें जीवन की चुनौतियों का सामना सत्य, साहस और धर्म के मार्ग पर चलते हुए करने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री रामकृपाल यादव, दशहरा कमेटी के अध्यक्ष अरुण कुमार, कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित