बेतिया , अक्टूबर 20 -- पश्चिमी चम्पारण जिले के बेतिया में विजयादशमी के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल की नगर इकाई की ओर से शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमे धर्म और संस्कृति की रक्षा का संकल्प लिया गया।
नगर के जोड़ा शिवालय मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में मां दुर्गा और मां काली का स्मरण कर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद विधि-विधान से शस्त्र पूजन कर धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व विहिप के नगर संयोजक अभय कश्यप और अध्यक्ष राज प्रियांश ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शस्त्र पूजन सनातन संस्कृति की प्राचीन परंपरा है, जो शक्ति, साहस, शौर्य और धर्म की रक्षा का प्रतीक है। नवरात्र के नौ दिनों तक शक्ति की उपासना के बाद विजयादशमी पर मां दुर्गा और मां काली का स्मरण कर जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में विजय की कामना की जाती है। यह परंपरा लोगों को पराक्रम, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म की रक्षा के प्रति प्रेरित करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित