बैतूल , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में विजयादशमी पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। प्रमुख विसर्जन घाटों से लेकर जुलूस मार्गों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी।

नगर पालिका के अनुसार, माचना नदी के कर्बला घाट, दामा दैयत घाट, ग्रीन सिटी फिल्टर प्लांट माचना घाट और हमलापुर स्थित सीताकुंड पर विसर्जन की व्यवस्था की गई है। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, क्रेन, हाइड्रा और गोताखोरों की तैनाती की जा रही है। कर्बला घाट पर निर्माण कार्य के कारण केवल छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन की अनुमति होगी, जबकि सदर के दामा दैयत घाट पर 20 से 25 फीट तक की बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए पचमढ़ी पीटीएस से 30 जवान और छिंदवाड़ा से एक कंपनी सुरक्षा बल बैतूल पहुंच चुकी है। जिला पुलिस बल के अलावा वन विभाग से भी 100 जवानों की मांग की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीईआरएफ की टीम गोताखोरों, नावों और तैराकों के साथ तैनात रहेगी। प्रमुख मार्गों, संवेदनशील धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों के चौराहों पर निगरानी रखी जाएगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित