भोपाल , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी पर मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में शस्त्र-पूजन किया। उन्होंने शक्ति स्वरूपा मां काली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां दीं। मुख्यमंत्री ने पुलिस के अत्याधुनिक अस्त्र-शस्त्रों और मुख्यमंत्री निवास के वाहनों का पूजन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुरक्षा के अधिकारी-कर्मचारी और निवास का स्टाफ उपस्थित रहा।
डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, श्रम, सहयोग और आदर्श आचरण की प्रेरणा देता है। विजयादशमी बुराई पर अच्छाई तथा अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर धर्म और न्याय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के जीवन से कष्ट दूर करना और गरीबों के कल्याण की चिंता करना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और राज्य सरकार भी जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से प्रदेश के विकास के लिए प्रयासरत है। उन्होंने लोक कल्याण के ध्येय से रामराज्य की स्थापना की कामना की।
डॉ. यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य की सुरक्षा व्यवस्था महत्वपूर्ण है। भारतीय सेना और सशस्त्र बलों ने त्याग, बलिदान और पराक्रम से देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। राष्ट्र की रक्षा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शस्त्र-पूजन शक्ति, सुरक्षा और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस की भी शुभकामनाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित