विजयवाड़ा , अगस्त 16 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में रेलवे के इंजीनियर को 15 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप में गिरफ्तार किया है।
सीबीआई की ओर से रविवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार सीबीआई के अधिकारियों ने दक्षिण मध्य (एससी) के मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (सीएसटीई) परियोजना कार्यालय में तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर और एक निजी व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है। इस सिलसिले में सीबीआई ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर, निजी कंपनियों के चार प्रतिनिधियों और अज्ञात सरकारी कर्मचारियों तथा निजी व्यक्तियों के खिलाफ़ रविवार को मामला दर्ज किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो निजी कंपनियों के संयुक्त उद्यम को एससी रेलवे से 179.50 करोड़ रुपये का 'ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग' का काम मिला था और उन्होंने समय से पहले काम पूरा करने के लिए लगभग सात करोड़ रुपये बोनस के तौर पर दावा किया था।
सीबीआई के अनुसार एससी रेलवे के सीएसटीई परियोजना के अधिकारियों ने संयुक्त उद्यम को अनुचित फ़ायदा पहुँचाने के लिए बोनस फ़ाइल से जुड़ी तारीखों में हेरफेर/बदलाव किया और बोनस के दावे को मंज़ूरी दिलाने में मदद की।
सीबीआई ने बताया कि निजी कंपनी के महाप्रबंधक ने आरोपी सीनियर सेक्शन इंजीनियर को बताया था कि 16 अगस्त को विशाखापत्तनम से विजयवाड़ा जाते समय रिश्वत की रकम पहुँचा दी जाएगी। इस बात की जानकारी मिलने पर सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी सीनियर सेक्शन इंजीनियर को निजी व्यक्ति से 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई के अनुसार यह रिश्वत उसके पिता की कंपनी को बोनस की रकम मंज़ूर करने और जारी करने के बदले में ली जा रही थी। सीबीआई ने गिरफ्तारी के दौरान 15 लाख रुपये की रिश्वत की रकम बरामद कर ली।
इस सिलसिले में सीबीआई के अधिकारियों ने आरोपियों के विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा, पिथापुरम और हैदराबाद स्थित ठिकानों पर तलाशी ली। आरोप रेलवे इंजीनियर को सोमवार को विजयवाड़ा की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित