तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 05 -- केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से लापता सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) पेशेवर जी.एस. शरण्या का पता लगाने के लिए तत्काल व्यापक पैमाने पर कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
श्री विजयन ने इस संबंध में श्री सिद्दारमैया को पत्र लिखा है। श्रीमती शरण्या कोडागु में एक ट्रेकिंग यात्रा के दौरान लापता हो गई थीं। श्री विजयन ने अपने पत्र में इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि केरल की रहने वाली 36 वर्षीय यह महिला दो अप्रैल को थडियंडामोल पहाड़ियों में ट्रेकिंग के दौरान लापता हो गयी थी।
उन्होंने कहा कि हालांकि तलाशी अभियान अभी भी जारी है, लेकिन उनकी तलाशी के प्रयासों को और तेज़ करने के लिए आप (श्री सिद्दारमैया) व्यक्तिगत हस्तक्षेप करें। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से आग्रह किया कि तलाशी टीमों को मज़बूत करने के लिए अतिरिक्त कर्मियों और संसाधनों को तैनात किया जाए, ताकि श्रीमती शरण्या का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके और उन्हें सुरक्षित वापस लाया जा सके।
श्री विजयन की यह अपील कर्नाटक के कोडागु ज़िले में चल रहे एक बड़े पैमाने के तलाशी अभियान के बीच आई है, जिसमें पुलिस, वन अधिकारी, ड्रोन और खोजी कुत्तों को लगाया गया है, लेकिन अब तक इस अभियान से कोई सफलता नहीं मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित