रायपुर , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं से केवल रोजगार पाने तक सीमित न रहने और अपने विचारों को उद्यम में बदलने का साहस दिखाने का आह्वान करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन और तकनीक के साथ एक अच्छा विचार सफल स्टार्टअप बनकर अनेक लोगों के लिए रोजगार का माध्यम बन सकता है।
श्री डेका ने सोमवार को राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में तीन दिवसीय 'यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026' के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने इस अवसर पर विश्वविद्यालय में स्थापित सुभाष चंद्र बोस जैव प्रौद्योगिकी नवाचार एवं उद्यम विकास केंद्र का लोकार्पण भी किया।
राज्यपाल ने कहा कि हर क्षेत्र में नवाचार की आवश्यकता है और छत्तीसगढ़ में विशेष रूप से कृषि क्षेत्र में इसकी व्यापक संभावनाएं हैं। बढ़ती आबादी की खाद्यान्न जरूरतों को पूरा करने के लिए उत्पादन बढ़ाने के साथ नई तकनीक और प्रयोगों को अपनाना जरूरी है। प्रत्येक राज्य के लिए मूलभूत खाद्य पदार्थों के उत्पादन में आत्मनिर्भरता भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के अपने संसाधनों में नवाचार की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं। कृषि, वनोपज, खाद्य प्रसंस्करण, मिलेट, जैविक खेती, पशुपालन और जनजातीय उत्पादों से जुड़े क्षेत्रों में युवा नए उद्यम स्थापित कर सकते हैं। कृषि और जैव-प्रौद्योगिकी राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
श्री डेका ने कहा कि ऐसे नवाचारों को बढ़ावा देने की जरूरत है, जिनसे किसानों की लागत और फसल नुकसान कम हो, उत्पादन एवं गुणवत्ता बढ़े तथा किसानों को उपज का बेहतर मूल्य और बाजार मिल सके। इससे किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ कृषि क्षेत्र को अधिक टिकाऊ और प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने किचन गार्डन और बाड़ी की अवधारणा को पुनः बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायता मिल सकती है।
राज्यपाल ने युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने से पहले बाजार का सर्वेक्षण कर उत्पाद या सेवा की मांग और संभावनाओं को समझने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्पष्ट योजना और रोडमैप के साथ योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने पर सफलता की संभावनाएं बढ़ती हैं।
उन्होंने कहा कि उद्यमिता के लिए परिश्रम और प्रशिक्षण के साथ प्रबंधन क्षमता, बाजार की समझ और वित्तीय ज्ञान भी जरूरी है। शिक्षा के साथ कौशल विकास पर जोर देकर युवा न केवल अपनी पारिवारिक आय बढ़ा सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। नई शिक्षा नीति में भी कौशल और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित