देहरादून , जून 10 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेताओं के दौरों को राजनैतिक पाखंड बताते हुए, झूठ एवं भ्रम की राजनीति का नया एपिसोड कहा है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा, विचारहीन और मुद्दाविहीन कांग्रेस की विश्वसनीयता जनता की नजरों में शून्य है, लिहाजा वेणुगोपाल, राहुल किसी के आने जाने से उनकी किस्मत नहीं बदलने वाली।
उन्होंने कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल के अयोध्या, बद्रीनाथ से जुड़े आरोपों पर स्पष्ट किया, कोई सनातन दोषी बचेगा नहीं। लेकिन जिन्हें राम और सनातन पर विश्वास नहीं, उनका आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहना हास्यास्पद।
श्री भट्ट ने इसके साथ ही नसीहत दी कि प्रदेश के विकास को नकार कर दिल्ली वाले कांग्रेसी अपने कार्यकर्ताओं को सपने तो दिखा सकते हैं लेकिन उनके बीच का गृहयुद्ध नहीं रोक सकते हैं।
संवाददाताओं द्वारा कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल के दौरे पर पूछे सवालों के जवाब में श्री भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के नेता जो भी उत्तराखंड में चुनावी वर्ष के दौरान आते हैं, चाहे वो राहुल गांधी हों, चाहे खड़गे हों, चाहे वेणुगोपाल हों, इनका दौरा केवल झूठे और भ्रम फैलाने वाले मुद्दों का सहारा लेकर ही रहता है। हर बार वही घिसे पिटे मुद्दे, जिस पर प्रदेश की जनता ने इन्हें बार-बार नजराकर इनके इन्हीं झूठे मुद्दों को बेनकाब किया है। उन्होंने कहा कि आज सिद्धांतविहीन, विचारविहीन, मुद्दाविहीन कांग्रेस पार्टी की विश्वसनीयता उत्तराखंड की जनता में समाप्त हो चुकी है। एक ही रणनीति विगत कई वर्षों से ये लोग अपना रहे हैं झूठ, भ्रम और अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह करना। हमेशा इनके द्वारा ऐसा प्रयास होता है और बार जनता की अदालत से पराजित किए जाते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कटाक्ष किया कि सच तो ये है, अब ये नेता भी समझ गए हैं कि कांग्रेस की उत्तराखंड में किस्मत बदलने वाली नहीं है। एक सच ये भी है कि इनके नेताओं का दौरा कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी पर पर्दा डालने का प्रयास होता है। जिसमें ये सरकार कर झूठे आरोप लगाकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दिन में सपने दिखाते हैं और जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम करते हैं।
श्री भट्ट ने श्री वेणुगोपाल द्वारा आज प्रदेश सरकार पर लगाए आरोपों पर कहा कि हमारी सरकार में जो भी कार्य होते हैं, वो विश्वसनीयता के आधार पर होते हैं। जो आरोप आस्था और विश्वास को लेकर लगाए गए हैं उसमें अपराधी जेलों के अंदर हैं। चाहे वो अयोध्या के अपराधी हों, चाहे बद्रीनाथ के। जांच जारी है और जो भी अधिकारी इसमें संलिप्त पाया जाएगा, प्रथम दृष्टया, उस पर निलंबन की कार्रवाई होगी और आगे कानूनसम्मत कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा पर विश्वास है, इसलिए हम जिस काम को भी करते हैं, वो प्रदेश और देश हित में होता है। उन्होंने चंदे को लेकर कांग्रेस के आरोपों को उसके स्वभाव के विपरीत बताते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए मन्दिर से जुड़े विषय राजनैतिक हैं, लेकिन भाजपा के लिए यह आस्था का प्रश्न है और आस्था के साथ किसी भी तरह का समझौता नही हो सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित