बीजापुर , मई 15 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पामेड़ क्षेत्र के तेंदूपत्ता संग्राहकों ने चार वर्षों से लंबित बोनस राशि के भुगतान की मांग को लेकर आज विधायक विक्रम मंडावी को ज्ञापन सौंपा है। संग्राहकों ने प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति पामेड़ के प्रबंधक रामाराव व्ही. पर बोनस भुगतान में लापरवाही और ग्रामीणों को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों द्वारा विधायक निवास बीजापुर में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि समिति अंतर्गत संचालित 23 फड़ों में कार्यरत तेंदूपत्ता संग्राहकों को पिछले चार वर्षों से बोनस राशि नहीं मिली है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बोनस राशि के संबंध में जानकारी मांगने पर समिति प्रबंधक रामाराव व्ही. संग्राहकों को धमकाकर चुप कराने का प्रयास करते हैं।

मामले पर विधायक विक्रम मंडावी ने दुख जताते हुए कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस मिलना उनका अधिकार है और गरीब आदिवासियों की मेहनत की राशि रोकने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित