हरिद्वार , अगस्त, 07 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित शौचालयों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने कहा कि विकास भवन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आमजन अपने विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की गंदगी, दुर्गंध या अव्यवस्था की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को माननीय उच्च न्यायालय द्वारा स्वच्छता संबंधी जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शौचालयों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निर्धारित समय पर सफाई कार्य कराया जाए, ताकि आमजन और कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित