बैतूल , मई 30 -- मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में नगर पालिका बैतूल के अंतर्गत संचालित और प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को भूमि आवंटन की प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान विधायक खंडेलवाल ने जिला जेल की भूमि को मल्टी लेवल पार्किंग और गार्डन निर्माण के लिए नगर पालिका को हस्तांतरित किए जाने की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि भूमि आवंटन के लिए आरसीएमएस पोर्टल पर आवेदन किया जा चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं से जुड़े सभी भूमि आवंटन मामलों का जल्द निराकरण किया जाए।
बैठक में बेल बाजार क्षेत्र में बस स्टैंड स्थानांतरित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित अंडरब्रिज बनने के बाद बसों का आवागमन शहर के भीतर प्रवेश किए बिना संभव हो सकेगा। विधायक ने वर्तमान बस स्टैंड क्षेत्र को व्यवस्थित सब्जी एवं फल बाजार के रूप में विकसित करने की योजना पर भी जोर दिया।
तितली चौराहा के समीप प्रस्तावित आईएसबीटी परियोजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में सूचना और दिशा-निर्देश प्रदर्शित करने के लिए डिस्प्ले बोर्ड लगाने को कहा। बडोरा मंडी के विकास के लिए मंडी बोर्ड के साथ समन्वय कर विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
श्री खंडेलवाल ने गंज मंडी, अभिनंदन सरोवर कॉम्प्लेक्स, फायर स्टेशन और गीताभवन जैसी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया। गोठाना क्षेत्र में लगभग 9.5 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण, पहुंच मार्ग और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गीताभवन परिसर में स्ट्रीट फूड जोन, फूड कोर्ट और अन्य बहुउद्देशीय गतिविधियों के विकास की योजना तैयार करने को कहा गया।
बैठक में दिव्यांग पार्क और डीडीआरसी परियोजना पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि दिव्यांगजनों को एक ही परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समग्र योजना बनाई जाए। वहीं अभिनंदन सरोवर के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित