रायपुर , सितंबर 11 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनसुविधा से जुड़े विकास एवं निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा है कि इनमें अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा विलंब के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सभी जिला कलेक्टरों को निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी करने और कार्य की गति धीमी होने पर बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

श्री साय ने गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के खामभाठा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के कारण स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रणबीर शर्मा से दूरभाष पर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निश्चित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण पुल निर्माण पूरा कराने तथा लेटलतीफी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित