श्रीगंगानगर , जून 18 -- राजस्थान में पंचायती राज विभाग ने श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ उपखंड के ग्राम पंचायत भैरूपुरा सीलवानी में विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए निवर्तमान सरपंच एवं वर्तमान प्रशासक द्रोपदी को गुरुवार को पदमुक्त कर दिया गया।

अतिरिक्त आयुक्त एवं शासन उप सचिव (वित्तीय) त्रिलोकचंद मीना द्वारा गुरुवार को जारी आदेश कहा गया है कि विभिन्न विकास कार्यों को लेकर प्राप्त शिकायतों के आधार पर विभागीय स्तर पर विस्तृत जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में विकास कार्यों के निष्पादन में अनियमितताएं पाई गईं, जिनके लिए द्रोपदी को जिम्मेदार ठहराया गया। विभागीय जांच में पाया गया कि ग्राम पंचायत भैरूपुरा सीलवानी में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों में गड़बड़ियां हुईं, जिसके चलते पंचायती राज विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रशासक पद से हटा दिया है।

आदेश में जिला कलेक्टर श्रीगंगानगर को निर्देश दिए गए हैं कि विभागीय नियमों के अनुसार द्रोपदी के स्थान पर उपसरपंच को प्रशासक पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा जाए और इसकी सूचना शीघ्र विभाग को भेजी जाए।

ग्राम पंचायत भैरूपुरा सीलवानी में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर लंबे समय से शिकायतें आ रही थीं। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए पंचायती राज विभाग ने जांच समिति गठित की। जांच रिपोर्ट में कार्यों की गुणवत्ता, धनराशि के उपयोग और दस्तावेजी औचित्य में अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित