अलवर , सितम्बर 25 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर सुमन लता अग्रवाल ने शुक्रवार को सुबह विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ नगर निगम में अपना कार्यभार संभाल लिया।

कार्यभार ग्रहण करते हुए श्रीमती अग्रवाल ने अलवर के विकास, स्वच्छता और पारदर्शी व्यवस्था को अपनी प्राथमिकता बताते हुए शहर को साफ-सुथरा और हरियाला बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं अलवर शहर विधायक संजय शर्मा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, श्रीमती अग्रवाल के पति एवं पूर्व सभापति अजय अग्रवाल सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, व्यापारी, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

समारोह की शुरुआत विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ हुई। इसके बाद महापौर ने कार्यभार संभाला और संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। कार्यभार ग्रहण करने के बाद समर्थकों और शहरवासियों ने उन्हें बधाई दी।

बाद में पत्रकारों से बातचीत में श्रीमती अग्रवाल ने कहा, "अलवर का विकास ही मेरा संकल्प है और हमने आज से ही काम शुरू कर दिया है।" उन्होंने कहा कि नगर निगम में अब पारदर्शी तरीके से काम किया जाएगा और शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी पार्षद अब उनके लिए समान हैं और वार्डों से जुड़ी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित