चंडीगढ़ , अक्टूबर 31 -- हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होना प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर सरकार हीरक जयंती समारोह मना रही है।
श्री गौतम ने कहा कि पिछले छह दशकों में हरियाणा ने कृषि, उद्योग, शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश की पहचान वीर जवानों, मेहनतकश किसानों और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के कारण देश-विदेश में बनी है। हरियाणा के जवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, किसान खाद्यान्न उत्पादन में योगदान दे रहे हैं और खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगे का मान बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, खेल सुविधाओं का विस्तार करने तथा किसानों, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार 'सबका साथ-सबका विकास' और 'हरियाणा एक-हरियाणवी एक' के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है। आईटी के माध्यम से सरकारी व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। शगुन राशि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और किसानों की फसल का भुगतान सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित