अलवर , जून 19 -- राजस्थान में अलवर में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत प्रोत्साहन राशि वितरण के क्षेत्रीय कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को प्रताप ऑडिटोरियम में किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में नयी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का जीवंत प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में अलवर के 2500 कर्मचारी लाभार्थियों को करीब एक करोड़ छह लाख रूपये एवं 561 संस्थानों को करीब 13 करोड रूपये प्रोत्साहन राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से वितरण किया गया और नियोक्ताओं ने 14 लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता से संचालित प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के कई अवसर सृजित हो रहे हैं तथा कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित