नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी बुधवार को यहां आयोजित विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 के समापन एवं सम्मान समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर विजेता 10 टीमों और छात्र नवोन्मेषकों को सम्मानित करेंगे।

शिक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि भारत बिल्डाथॉन को सबसे बड़ी नवाचार समाधान प्रतियोगिता के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इस पहल के तहत देशभर से कुल 2,87,967 परियोजना प्रस्तुतियां प्राप्त हुईं। समारोह में विजेता विद्यार्थियों के नवाचारों, मॉडलों और परिवर्तनकारी समाधानों का प्रदर्शन किया जायेगा। इसके साथ ही गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का आधिकारिक प्रमाणन प्रदान करने का कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इस दौरान शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत शिक्षक शिक्षा संस्थानों के लिए दिशानिर्देश जारी किये जायेंगे।

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और उच्च शिक्षा विभाग की ओर से छठे विशेष अभियान के तहत की गयी पहलों को भी प्रस्तुत किया जायेगा। इनमें ई-कचरे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उसके संग्रहण से संबंधित प्रयासों को प्रदर्शित किया जायेगा।

विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 का आयोजन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने नीति आयोग के अटल नवाचार मिशन और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के सहयोग से किया था। इसका उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक जिज्ञासा, उद्यमशीलता और समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित करना है। आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल और समृद्ध भारत के चार स्तंभों पर आधारित इस पहल को देशभर के विद्यार्थियों से व्यापक प्रतिक्रिया मिली। इसके तहत आइडिया और प्रोटोटाइप, दोनों श्रेणियों में 2,87,967 परियोजना प्रस्तुतियां प्राप्त हुईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित