फर्रुखाबाद , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण एवं जल संरक्षण के साथ स्वदेशी निर्मित वस्तुओं के प्रयोग को बढ़ावा देना चाहिए। श्री राजपूत गुरुवार को जिला मुख्यालय फतेहगढ़ स्थित जेजेआर पैलेस में आयोजित जनपद स्तरीय श्रीअन्न (मिलेट्स) महोत्सव एवं जन जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आज सेवा सेतु अभियान का शुभारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के शेष पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए गए हैं। इनके माध्यम से योजनाओं के शेष पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक के सहयोग की आवश्यकता है। इसके लिए पर्यावरण और जल संरक्षण तथा स्वदेशी निर्मित वस्तुओं के प्रयोग को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए योगदान देना चाहिए।

भाजपा के अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि पुराने समय में भारत में मोटे अनाज का विशेष रूप से प्रयोग किया जाता था और इससे हमारे पूर्वज विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रहते थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। माताओं और बहनों को श्रीअन्न के लाभ तथा इससे बनने वाले व्यंजनों की जानकारी हासिल कर इन्हें भोजन की थाली में शामिल करना चाहिए। किसानों को भी अपनी फसलों में मोटे अनाज को स्थान देना चाहिए।

भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के साथ कृषि विभाग की ओर से श्रीअन्न के उत्पादन को बढ़ावा देने का प्रयास देश और समाज के विकास के लिए हितकारी है। उन्होंने जनपदवासियों से भोजन में श्रीअन्न को शामिल कर स्वस्थ रहने तथा देश और समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।

भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को मोटे अनाज को भोजन की थाली में शामिल करने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने किसानों से अच्छी गुणवत्ता वाली फसलों के उत्पादन पर ध्यान देने, विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा महिलाओं से सशक्त होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप सभी को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देना चाहिए।

उपनिदेशक कृषि अरविंद मोहन ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद स्तरीय श्रीअन्न महोत्सव का आयोजन लोगों को अपने भोजन में मोटे अनाज शामिल करने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया है।

उन्होंने बताया कि जिले में सामा (मिलेट्स) के उत्पादन की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सामा, कोदो और रागी को पौष्टिक खाद्य पदार्थों के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। सामा की फसल सीमित पानी की उपलब्धता में भी आसानी से तैयार हो जाती है। उन्होंने किसानों से सामा, कोदो और रागी की खेती पर ध्यान देकर आय बढ़ाने का आह्वान किया।

महोत्सव के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों की देखरेख में आम लोगों को भोजन में मोटे अनाज शामिल करने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, अन्य विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी तथा किसान मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित