जयपुर , जून 28 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण के प्रसारण को सुना और प्रधानमंत्री के संदेशों को जनहित एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि 'मन की बात' देशवासियों को जोड़ने और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाला प्रेरक कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने अपने संबोधन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों का मार्गदर्शन किया है, जिन्हें लोग अपने जीवन में अपनाने का प्रयास भी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण बातों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए खेलों में अपार संभावनाएं हैं और महिला खिलाड़ी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। राज्य और केंद्र सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं और प्रयासों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। जनभागीदारी और जनता के सहयोग से ही देश विकास के लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान देशभर में चल रहे विकास कार्यों, जनभागीदारी आधारित अभियानों तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रेरक कहानियों का भी उल्लेख किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित