बैतूल , अक्टूबर 29 -- देश के युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैतूल के बालाजी इंजीनियरिंग कॉलेज में 'युवा संवाद: अपना वोट जानें' कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत 'मेरा युवा भारत' द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देशव्यापी 'विकसित भारत युवा संवाद' पहल का हिस्सा है, जो 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक देश के 500 से अधिक संस्थानों में आयोजित की जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत का वास्तविक आधार है। देश के भविष्य को आकार देने में युवाओं की राजनीतिक और सामाजिक जागरूकता महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और युवाओं के बीच सीधा संवाद हुआ। विद्यार्थियों ने शासन में भागीदारी, नागरिक जिम्मेदारियों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे और अपने विचार साझा किए।
जिला युवा अधिकारी सुषमा गवली ने बताया कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्पोर्ट्स आइकॉन भावेश धोटे का अतिथियों ने सम्मान किया। योगी देशमुख ने युवाओं को मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन सामूहिक लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर ऋषिराज सिंह परिहार, प्राचार्य डॉ. परेश शाहा, जिला सलाहकार समिति के सदस्य सुधाकर पवार सहित गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के संवाद युवाओं को 'विकसित भारत@2047' के लक्ष्य की प्राप्ति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित