पटना , जून 18 -- सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के निदेशक डॉ. बी. राजेन्दर ने गुरुवार को कहा कि विकसित बिहार 2047 के निर्माण में मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना के प्रतिभागी अहम भूमिका निभाएंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के अंतर्गत बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी (बीपीएसएमएस) की ओर से गुरुवार को पटना में मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना के अंतर्गत चयनित फेलोज़ के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में श्री राजेन्दर के अलावा विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह और भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बोधगया तथा बीपीएसएमएस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर श्री राजेन्दर ने कहा कि वर्ष 2047 के बिहार के निर्माण की परिकल्पना को साकार करने में युवा मुख्यमंत्री फेलोज़ का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। यह योजना बिहार की अन्य नियुक्ति प्रक्रियाओं से अलग है। यह एक केंद्रित शिक्षण एवं सहभागिता कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से प्रतिभागी सीखेंगे भी और बिहार के सुशासन एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं में प्रत्यक्ष योगदान भी देंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री फेलोशिप लागू करने वाले अग्रणी राज्यों में बिहार शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित