बहराइच , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के अनुरूप बहराइच तेजी से पिछड़े जिले की पहचान छोड़कर विकास एवं निवेश के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने जिले को 352 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 70 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और सुदृढ़ कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने जनसभा में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, ग्रामीण विकास तथा आधारभूत संरचना से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से जिले के लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और बहराइच के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।

अपने संबोधन में योगी ने कहा कि बहराइच अब पिछड़ेपन का प्रतीक नहीं, बल्कि विकास और निवेश की नई संभावनाओं वाले जिले के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में माफिया तत्वों को संरक्षण मिलता था और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किया जाता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर दृढ़ता से अमल कर रही है। अब किसी भी अपराधी अथवा माफिया को कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में भी भाग लिया। उन्होंने अन्नप्राशन कार्यक्रम के तहत बच्चों को अन्न ग्रहण कराया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए। साथ ही अधिकारियों को सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने तथा युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में विधायक सुरेश्वर सिंह, सुभाष त्रिपाठी, रामनिवास वर्मा, अनुपमा जायसवाल, सरोज सोनकर, पूर्व सांसद अक्षयबर लाल गोंड, पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, विधान परिषद सदस्य पद्मसेन चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, अपना दल के जिलाध्यक्ष गिरीश पटेल, चीनी मिल निदेशक अखंड प्रताप सिंह, तेजवापुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रमांकर पाण्डेय, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित