मिर्जापुर , मार्च 13 -- विंध्याचल नवरात्र मेले में इस वर्ष एक नई पहल की शुरुआत की जाएगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में पौधों का वितरण किया जाएगा। यह नवरात्र मेला 19 मार्च से शुरू होने जा रहा है और इसके लिए तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। मां विंध्यवासिनी देवी धाम में आयोजित होने वाले इस मेले को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया गया है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत श्रद्धालुओं को पौधे दिए जाएंगे, ताकि वे अपने घर या आसपास उन्हें लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।

उन्होंने बताया कि इस पहल की औपचारिक शुरुआत 18 मार्च को की जाएगी। इसका उद्देश्य देशभर से विंध्य धाम आने वाले श्रद्धालुओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। मां विंध्यवासिनी के प्रसाद के रूप में मिले पौधों को श्रद्धालु संरक्षित करेंगे और उन्हें रोपकर हरियाली बढ़ाने का संदेश भी देंगे।

उद्यान विभाग द्वारा फल, फूल और औषधीय पौधों का वितरण किया जाएगा। इसके लिए नवरात्र मेले के गेट नंबर चार पर विशेष काउंटर बनाया गया है, जहां चार पालियों में पौधे बांटे जाएंगे। उद्यान अधिकारी मेवाराम ने बताया कि सभी पौधे विभाग की पौधशाला से लाए गए हैं और श्रद्धालुओं को निशुल्क वितरित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित