भदोही , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र के राजपुरा चौराहा के पास मंगलवार को विंध्यवासिनी धाम दर्शन के लिए जा रहे अधेड़ की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के पंचवल गांव निवासी शैलेश पांडेय (50) मंगलवार की भोर में बाइक से मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिये मीरजापुर जा रहे थे। इसी दौरान नगर के राजपुरा चौराहे के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि मृतक का पैतृक गांव पंचवल भदोही जिले की सीमा से थोड़ी ही दूरी पर स्थित है। घटना की जानकारी होते ही सैकड़ों की संख्या में रजपुरा चौराहा पहुंचे लोगों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर हाइवे जाम करने का प्रयास शुरू कर दिया, हालांकि पुलिस के समझाने बुझाने के बाद मामला शांत हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित