नयी दिल्ली , अप्रैल 29 -- दिल्ली नगर निगम के महापौर और उप महापौर पदों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद प्रवेश वाही दिल्ली नगर निगम के महापौर चुने गये हैं, जबकि डॉ. मोनिका पंत उप महापौर निर्वाचित हुई हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा द्वारा गठित केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद योगेन्द्र चांदोलिया और कमलजीत सहरावत की टोली की व्यवस्था में भाजपा ना सिर्फ महापौर तथा उप महापौर चुनाव जीती है, बल्कि दो सदस्य मास्टर जय भगवान यादव और श्री मनीष चड्ढा निर्विरोध दिल्ली नगर निगम की स्थाई समिति के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। साथ ही श्री यादव को सदन में भाजपा दल का नेता भी चुना गया है।
चुनाव पश्चात श्री सचदेवा निगम मुख्यालय सिविक सेंटर पहुंचे और उन्होंने नवनिर्वाचित महापौर, उप महापौर, नेता सदन तथा स्थाई समिति सदस्यों का पुष्प हार पहना कर तथा मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया।
श्री सचदेवा ने कहा की भाजपा ने इस बार निगम दल में अनुभव तथा युवा जोश दोनों को बराबर का अवसर देते हुए जहां लम्बे अनुभव वाले श्री वाही तथा श्री भगवान को चुना है। वहीं डॉ. पंत तथा चड्ढा को चुन कर युवा जोश को सीखने एवं सेवा करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित महापौर वाही का निगम पार्षद के रूप में लम्बा अनुभव दिल्ली के रखरखाव को और बेहतर बनाने में काम आयेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित