ग्वालियर , मई 14 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले में भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति वाहन रैली निकालने के मामले में निरस्त कर दी गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार सज्जन सिंह यादव को 27 अप्रैल को भिंड जिला भाजपा किसान मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। नियुक्ति के बाद बुधवार को उन्होंने 100 से अधिक लग्जरी वाहनों के साथ शहर में प्रवेश कर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान शहर में यातायात प्रभावित हुआ और नारेबाजी तथा हॉर्न बजाने से शोर-शराबे की स्थिति बनी।
सूत्रों ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कार्रवाई करते हुए सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति निरस्त कर दी। पार्टी नेताओं के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में ईंधन बचाने की अपील कर चुके हैं। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित कई नेताओं ने अपने काफिलों में वाहनों की संख्या कम की है।
मामला सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने सज्जन सिंह यादव से जवाब तलब किया था। उन्होंने सफाई में कहा कि उन्होंने किसी कार्यकर्ता या समर्थक को वाहन लेकर आने के लिए नहीं कहा था और लोग स्वेच्छा से काफिले में शामिल हुए थे। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि जहां भी इस प्रकार की अनुशासनहीनता सामने आएगी, वहां संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित