नयी दिल्ली , अक्टूबर 01 -- घरेलू बाजार में गत सितंबर में लगातार 13वें महीने वाहनों की मजबूत बिक्री जारी रही। विशेष रूप से यात्री वाहनों, वाणिज्यिक वाहनों और दुपहिया की बिक्री में तेजी देखी गई हालांकि ट्रैक्टरों की बिक्री में गिरावट रही।
सरकार के पिछले साल वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के ढांचे में बदलाव के बाद से ही वाहनों की बिक्री मजबूत बनी हुई है।
देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता मारुति सुजुकी की घरेलू बिक्री 1,81,838 इकाई पर रही। यह एक साल पहले के मुकाबले 36.9 प्रतिशत अधिक है। निर्यात में 4.77 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कंपनी ने कुल 44,219 वाहनों का निर्यात किया।
टाटा मोटर्स की यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 68,810 इकाई पर रही। निर्यात में 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 1,400 इकाई पर पहुंच गई। कंपनी के इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री (निर्यात समेत) 67 प्रतिशत उछलकर 15,384 इकाई हो गई।
महिंद्रा की कुल बिक्री 15 प्रतिशत बढ़कर 1,14,874 इकाई पर पहुंच गई। यात्री वाहनों की बिक्री 14 प्रतिशत बढ़कर 64,092 इकाई रही। कंपनी ने सितंबर में 30,420 वाणिज्यिक वाहन बेचे जो एक साल पहले के मुकाबले 14 प्रतिशत अधिक है। हालांकि निर्यात में सात प्रतिशत की गिरावट रही और यह 4,320 इकाई रही।
हुंडई मोटर इंडिया की घरेलू बिक्री 57,166 इकाई और निर्यात 20,750 इकाई रही। इनमें क्रमशः 10.9 प्रतिशत और 10.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कुल बिक्री 10.8 प्रतिशत बढ़कर 77,916 इकाई रही। रेनो इंडिया ने सितंबर में 3,399 कारें बेची। माह-दर-माह आधार पर इसमें 20 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है।
कमजोर मानसून के कारण महिंद्रा के ट्रैक्टरों की घरेलू बिक्री 23 प्रतिशत घटकर 50,208 इकाई रह गई। हालांकि निर्यात में 62 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। निर्यात समेत कुल बिक्री 21 प्रतिशत घटकर 52,100 इकाई रही।
टाटा मोटर्स की वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री (निर्यात समेत) सितंबर में 42.4 फीसदी बढ़कर 51,062 इकाई पर पहुंच गई। घरेलू बिक्री में 31.2 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 43,487 इकाई पर रही।
अशोक लेलैंड की कुल बिक्री (निर्यात समेत) 28 प्रतिशत बढ़कर 24,049 इकाई पर और घरेलू बिक्री 28 प्रतिशत बढ़कर 22,157 इकाई पर पहुंच गई। घरेलू बाजार में कंपनी ने 14,746 मध्यम एवं भारी वाणिज्यिक वाहन बेचे। इसमें 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हल्के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 7,411 इकाई हो गई।
आयशर मोटर्स के वाणिज्यिक वाहनों की घरेलू बिक्री 57.5 प्रतिशत ऊपर 10,479 इकाई पर और निर्यात 4.7 प्रतिशत गिरकर 667 इकाई पर रही।
दुपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की घरेलू बिक्री 14.12 प्रतिशत बढ़कर 7,39,018 इकाई रही जबकि निर्यात 31 प्रतिशत घटकर 27,330 इकाई रह गई। कंपनी ने सितंबर में 6,65,994 मोटरसाइकिल और 1,00348 स्कूटर बेचे। इनमें क्रमशः 6.35 प्रतिशत और 64.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
टीवीएस मोटर कंपनी की दुपहिया वाहनों की बिक्री 24 प्रतिशत बढ़कर 6,72,790 इकाई हो गई। इसमें दुपहिया की बिक्री 23 प्रतिशत बढ़कर 6,45,955 इकाई रही। इसमें घरेलू बिक्री में भी 17 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई और यह 4,82,073 इकाई रही। इलेक्ट्रिक दुपहिया की बिक्री 110 फीसदी बढ़कर 31,266 इकाई पर रही। टीवीएस की तिपहिया की बिक्री 57 प्रतिशत बढ़ी और 26,835 इकाई हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित