दुर्ग , जून 11 -- छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुथरेल में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को कथित रूप से जर्दायुक्त गुटखा निर्माण की सूचना पर दो फैक्ट्री परिसरों में छापेमारी कर तीन मशीनें जब्त कीं तथा 12 लोगों को हिरासत में लिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार वाशिंग पाउडर निर्माण इकाई की आड़ में गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान परिसर में स्थापित तीन मशीनों को जब्त किया गया। टीम द्वारा फैक्ट्री में मौजूद सामग्री, दस्तावेजों तथा अन्य वस्तुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। जब्त किए गए गुटखे के नमूने खाद्य विभाग के सहयोग से परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे। सैंपल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर दोनों गोदामों को सील कर दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि फैक्ट्री में वाशिंग पाउडर उत्पादन की आड़ में अन्य उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। हालांकि जब्त सामग्री की प्रकृति और उसके उपयोग को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

एसडीओपी अनुप लकड़ा ने बताया, "मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस और खाद्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहकर दस्तावेजों एवं जब्त सामान की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित