जालंधर , अक्टूबर 16 -- भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के अवसर पर 18 अक्टूबर को जालंधर से अमृतसर स्थित श्री रामतीर्थ तक भव्य धार्मिक यात्रा निकाली जाएगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और श्रद्धालुओं को ले जाने वाली बसों के काफिले को रवाना करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब भाजपाअध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों करेंगे।

भगवान वाल्मीकि उत्सव समिति के अध्यक्ष विपन सभरवाल ने शुक्रवार को बताया कि शांति नगर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम में 15 अक्टूबर से प्रकटोत्सव के कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं। श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह है। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सैनी 18 अक्टूबर को दोपहर एक बजे भगवान वाल्मीकि आश्रम पहुंचकर माथा टेकेंगे। इसके बाद वह पैदल मार्च में शामिल होंगे, जनसभा को संबोधित करेंगे और धार्मिक यात्रा के लिए बसों के काफिले को रवाना करेंगे।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, पंजाब के विभिन्न हिस्सों से करीब एक हजार बसों में लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं के यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन के लिए तैयारियां की जा रही हैं और श्रद्धालुओं के स्वागत तथा यात्रा के सुचारू संचालन के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

आयोजकों ने कहा कि इस धार्मिक यात्रा का उद्देश्य भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं, विशेषकर समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। श्री रामतीर्थ पहुंचने पर श्रद्धालु भगवान वाल्मीकि जी के पवित्र तीर्थस्थल पर माथा टेकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित