पटना , अक्टूबर 29 -- िहार में गन्ना आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, किसानों को स्थानीय स्तर पर गन्ने का बाजार उपलब्ध कराने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में 28 अक्टूबर को आयोजित बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में नवादा जिले के वारिसलीगंज में आधुनिक एकीकृत शुगर कॉम्प्लेक्स की स्थापना तथा मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर में नई चीनी मिल की स्थापना से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
राज्य में गन्ना आधारित उद्योगों के विस्तार एवं नई चीनी मिलों की स्थापना को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। रैयाम एवं सकरी में इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल ) द्वारा नई चीनी मिलों की स्थापना के प्रस्ताव को राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा पहले ही स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसी क्रम में नवादा जिले के वारिसलीगंज में भी आईपीएल द्वारा नई चीनी मिल एवं इससे संबंधित गन्ना आधारित उद्योगों की स्थापना का प्रस्ताव है।
वारिसलीगंज में प्रस्तावित यह परियोजना केवल चीनी उत्पादन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसे आधुनिक एवं एकीकृत गन्ना आधारित औद्योगिक परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां चीनी उत्पादन के साथ इथेनॉल, को-जनरेशन, कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी ) तथा गन्ने के अन्य सह-उत्पादों पर आधारित इकाइयां स्थापित की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित