वाराणसी , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में हरुआ रिंग रोड चौराहे के पास शुक्रवार देर रात दो कारों की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि टाटा पंच और मारुति ब्रेजा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ब्रेजा सवार लोहता मोढ़ैला निवासी प्रशांत कुमार, भुल्लनपुर निवासी यथार्थ गोस्वामी तथा सुंदरपुर निवासी मनीष कुमार घायल हो गए। वहीं टाटा पंच में सवार मिर्जापुर निवासी वैभव चौरसिया और जय चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में किसी एक वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित