वाराणसी , अक्टूबर 06 -- वाराणसी नगर निगम क्षेत्र में 97,872 भवनों पर ब्याज और सरचार्ज समेत करीब 298 करोड़ रुपये का गृहकर बकाया है। शासन के निर्देश पर लागू एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत करीब 86 करोड़ रुपये के सरचार्ज पर छूट दिए जाने के बावजूद बकाएदार कर जमा करने में अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रहे हैं।

नगर निगम के अनुसार, ओटीएस लागू हुए करीब डेढ़ माह हो चुके हैं, लेकिन अब तक केवल 6,810 भवन स्वामियों ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। इनमें से महज 2,476 भवन स्वामियों ने करीब 3.96 करोड़ रुपये का कर जमा किया है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि ओटीएस का लाभ लेने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित है। निर्धारित तिथि तक पंजीकरण कराने वाले भवन स्वामियों को 31 दिसंबर तक बकाया गृहकर जमा करने पर योजना का पूरा लाभ मिलेगा। इसके बाद पंजीकरण का अवसर नहीं दिया जाएगा और बकाएदारों को मूल कर के साथ पूरा सरचार्ज भी जमा करना होगा।

उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से बकाएदारों को एसएमएस और फोन कॉल के माध्यम से लगातार सूचित किया जा रहा है, ताकि वे समय रहते योजना का लाभ उठा सकें।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में कर जमा नहीं करने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें मकान और संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई भी शामिल है। उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की कि वे समय रहते पंजीकरण कराकर ओटीएस का लाभ उठाएं और बकाया कर जमा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित