वाराणसी , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने गुरुवार को वाराणसी में करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन पुलिस मुख्यालय भवन के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर श्री जायसवाल ने कहा कि नए पुलिस मुख्यालय भवन के निर्माण से पुलिस विभाग को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नवीन भवन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि नए पुलिस मुख्यालय परिसर में राजपत्रित अधिकारियों के लिए आवासीय भवन की सुविधा भी विकसित की जाएगी। इससे पुलिस अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण के साथ आवासीय सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित यह परियोजना वाराणसी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन के निर्माण से पुलिस विभाग के प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

राज्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था के अभियंता को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य प्रत्येक दशा में निर्धारित मानकों और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

भूमि पूजन कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, एसीपी शिवहरि मीणा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित