वाराणसी , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के लोहता क्षेत्र में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 50 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी मोहम्मद अरशद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चन्दौली जिले में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त लहंगपुरा औरंगाबाद थाना सिगरा, जनपद वाराणसी का रहने वाला है। उसे बुधवार रात करीब 10:10 बजे थाना लोहता क्षेत्र के धमरियों मैदान के पास से गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि अरशद वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में छिपकर रह रहा है। इस सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

पूछताछ में पता चला कि मोहम्मद अरशद दबंग और शातिर किस्म का अपराधी है, जो पहले मारपीट और धमकी जैसे मामलों में भी शामिल रहा है। वर्ष 2024 में चन्दौली जिले में 34 गोवंशीय पशुओं की तस्करी के मामले में उसका नाम सामने आया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। इस मामले में उसके गिरोह के अन्य तीन तस्करों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

अरशद के खिलाफ वाराणसी के सिगरा थाने में वर्ष 2020 और 2021 में मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ के मामले भी दर्ज हैं। इसके अलावा गोवंश तस्करी के मामले में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित