वाराणसी , मार्च 22 -- नवरात्र में जहां एक ओर भक्त माँ के दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश सरकार सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन से जोड़कर नारी शक्ति को समृद्ध कर रही है। नारी शक्ति अब परिवहन की व्यवस्था भी संभाल रही है।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) द्वारा इस बार नवरात्र में विशेष पहल करते हुए कुछ "पूजा स्पेशल" बसों में महिला परिचालकों की तैनाती की गई है।
शक्ति की उपासना के इस विशेष पर्व पर महिलाएं जिम्मेदारी के साथ सशक्तिकरण की दिशा में भी बढ़ रही हैं। जब श्रद्धालु बसों में सफर करते हैं, तो टिकट देने की जिम्मेदारी भी महिलाएं बखूबी निभाती नजर आ रही हैं। यह केवल एक ड्यूटी नहीं, बल्कि नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश भी है।
क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि नवरात्रि में मिशन शक्ति की मिसाल बनी 10 महिला परिचालकों की ड्यूटी विंध्याचल जाने वाली बसों में लगाई गई है। वाराणसी में कुल 40 महिला परिचालक नारी सशक्तिकरण का संदेश दे रही हैं। महिला परिचालकों की उपस्थिति यात्रियों, खासकर महिला यात्रियों के लिए सुरक्षा और आत्मीयता का भाव भी पैदा कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित