वाराणसी , जनवरी 19 -- मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (स्वीप) प्रखर कुमार सिंह ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को महोत्सव के रूप में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर मनाए जाने के संबंध में सोमवार को विकास भवन सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस को पूरे जनपद में प्रत्येक वर्ष की भांति 25 जनवरी को जिला एवं बूथ स्तर पर मनाया जाएगा। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की विषय-वस्तु (थीम) 'माई इंडिया माई वोट' है। 25 जनवरी को मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक युवाओं और महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों-कॉलेजों में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन गेम्स, स्लोगन लेखन, निबंध, लेखन प्रतियोगिता, गीत प्रतियोगिता आदि गतिविधियों का आयोजन कराया जाएगा।

जगतपुर पीजी कॉलेज के 10 छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक नृत्य नमो घाट फेज-2 हेलीपैड पर प्रातः 10 बजे से प्रस्तुत किया जाएगा। मतदाता जागरूकता नृत्य की प्रस्तुति कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज, अर्दली बाजार द्वारा तथा मतदाता जागरूकता लोकगीत आर्य महिला इंटर कॉलेज की 10 छात्राओं द्वारा नमो घाट फेज-2 हेलीपैड पर प्रातः 10 बजे से प्रस्तुत किए जाएंगे।

रंगोली कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिसमें आर्य महिला इंटर कॉलेज, हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (मलदहिया), अग्रेसन बालिका इंटर कॉलेज (बुलानाला) तथा जगतपुर पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।

फेस टैटू कार्यक्रम के अंतर्गत आर्य महिला इंटर कॉलेज, हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज, अग्रेसन बालिका इंटर कॉलेज (बुलानाला) भाग लेंगे। पोस्टर प्रतियोगिता में आर्य महिला इंटर कॉलेज, हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (मलदहिया), अग्रेसन बालिका इंटर कॉलेज (बुलानाला) व जगतपुर पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले बच्चे घर से ही चार्ट पेपर पर पेंटिंग बनाकर लाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित