वाराणसी , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में फूलपुर थाना क्षेत्र के हत्या के एक मामले में प्रकाश में आए दो और अभियुक्तों पंकज पटेल और अर्पित यादव को को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार छह जून को ग्राम बरजी निवासी भोथू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव (50) के साथ अनीश यादव, धर्मराज यादव, सत्यनारायण यादव, नन्हेलाल यादव तथा अन्य लोगों ने मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल भोथू यादव को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों की तहरीर पर फूलपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

अपर पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) नृपेन्द्र के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घटना के 24 घंटे के भीतर नामजद अभियुक्त अनीश यादव, धर्मराज यादव, सत्यनारायण यादव और नन्हेलाल यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया था। मामले की विवेचना के दौरान अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।

इसी क्रम में मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर फूलपुर पुलिस ने बेलवा अंडरपास के पास से विवेचना में प्रकाश में आए अभियुक्त पंकज पटेल उर्फ देवा (20), निवासी ग्राम बरजी, थाना फूलपुर तथा अर्पित यादव (22), निवासी चक वासुदेवपुर (गोराड़ीह), थाना चौबेपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पंकज पटेल के विरुद्ध वर्ष 2022 में फूलपुर थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी का मुकदमा दर्ज है, जबकि अर्पित यादव के खिलाफ वर्ष 2025 में मिर्जामुराद थाने में आपराधिक मामला दर्ज है। दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित