वाराणसी , अगस्त 8 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने दुकान के बाहर सो रहे तीन लोगों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

इस हमले में साड़ी कारीगर रवि चौहान उर्फ पप्पू की मौत हो गई, जबकि गणेशू और अशोक पासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी मौके पर पहुंचे।

काशी जोन के अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दुकान के बाहर रवि चौहान का लहूलुहान शव पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि किसी भारी पत्थर से सिर कूंचकर उसकी हत्या की गई है। घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

उन्होंने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की जा रही हैं तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किए जाने पर वे ईंट-पत्थर फेंकते हुए मौके से फरार हो गए। दोनों घायल पास की एक दुकान में सो रहे थे, जो हमले की चपेट में आ गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित